उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ : 2-3 माह में 100 बसों के संचालन का लक्ष्य

श्री महाकाल लोक के अन्नक्षेत्र पार्किंग परिसर में मुख्यमंत्री ने रविवार को पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ किया। शक्ति पथ से उन्होंने 10 ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वेदपाठी बटुकों ने वेद मंत्रों का वाचन किया और डमरू वादन हुआ। उज्जैन दर्शन सेवा में 200 रुपए के टिकट पर श्रद्धालु दिनभर एसी बस से प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा कर सकेंगे। बसें सुबह 7 से रात 10 बजे तक चलेंगी।

उज्जैन दर्शन बस मेघदूत वन पार्किंग से महाकाल लोक, हरसिद्धि, कालभैरव, मंगलनाथ, सांदीपनि आश्रम, चिंतामण गणेश, इस्कॉन मंदिर, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन होते हुए वापस मेघदूत वन पार्किंग आएगी। रूट 27.01 किमी का है। यात्री एक टिकट पर निर्धारित स्टॉप से उतरकर अगली बस में सवार हो सकेंगे। फिलहाल ई-टीएम से टिकट मिलेगा, जबकि 5-7 दिन में ऑनलाइन टिकट, पास और क्यूआर कोड की सुविधा शुरू होगी। बसों में सीसीटीवी, जीपीएस और डिजिटल भुगतान की सुविधा रहेगी। नोडल अधिकारी संदीप सोनी ने कहा कि अगले 5-7 दिन में 10 और बसें शामिल होंगी और 2-3 माह में 100 बसें संचालित करने का लक्ष्य है। 12 रूट पर बसें चलेंगी। सेवा से यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को सुरक्षित और एसी सफर मिलेगा तथा ई-रिक्शा और कारों की भीड़ घटाने में मदद मिलेगी।
■■□■■

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *