धर्म नगरी उज्जयिनी में श्राद्ध पक्ष का महत्व, तर्पण करने क्षिप्रा किनारे क्यों पहुंचते हैं हजारों लोग?


अवंतिका यानि उज्जैन सप्तपुरियों में से है एक. यहां भगवान श्रीराम ने पिता दशरथ के निमित किया तर्पण,श्रीकृष्ण ने की गया कोटा कुंड की स्थापना. नगरी अवंतिका उज्जयिनी में बड़ी संख्या में लोग श्राद्ध पक्ष में पहुंचते हैं. ऐसी मान्यता है कि उज्जैन में भगवान श्रीराम से लेकर श्रीकृष्ण ने यहां अपने पूर्वजों के निमित क्षिप्रा नदी में पूजन तपर्ण किया. श्राद्ध पक्ष पितरों को याद करने का उनके प्रति समर्पण का एक पक्ष है. श्राद्ध पक्ष में परिवार के लोग अपने पूर्वजों के निमित पवित्र नदियों किनारे घाटों पर उनके मोक्ष के लिए, घर परिवार में सुख शांति हेतु तर्पण पूजन करवाते हैं.


श्राद्ध पक्ष का उज्जैन में खास महत्व इसलिए है क्योंकि यहां क्षिप्रा नदी है. इसमें अमृत की बूंदे गिरी और यहां सिंहस्थ पर्व आयोजित होने लगा. हर देवी-देवताओं का यहां आगमन हुआ. ये नगरी सप्तपुरियों में से भी एक है. अयोध्या, मथुरा, माया (हरिद्वार), काशी (वाराणसी), कांची (कांचीपुरम), उज्जैन (अवंतिका) और द्वारावती (द्वारका) शामिल हैं. सभी जगह पवित्र नदियों किनारे श्रीराम घाट बने हुए हैं.


यहां भगवान श्रीराम ने पिता दशरथ के निमित तर्पण पूजन किया. गया कोटा तीर्थ में भगवान श्रीकृष्ण ने ही पितरों के मोक्ष के लिए 16 चरणों की तिथि अनुसार स्थापना की और सिद्ध वट स्वयं माता पार्वती ने 4 वट वृक्षों में से एक सिद्ध वट लगाया जो आज भी है. सबका अपना अलग-अलग महत्व है. उसी मान्यता के चलते इन तीनों स्थान पर 12 महीने तर्पण पूजन के लिए लोग पहुंचते हैं. खास कर श्राद्ध पक्ष में और 10 गुना फल अन्य तीर्थ नगरियों के मुकाबले यहां मिलता हैं.

जब प्रभु श्रीराम अयोध्या लौटे तब सरयू किनारे पिता दशरथ का पिंड दान किया, तर्पण पूजन किया. जिसके बाद वे सप्तपुरी गए और वहां भी उन्होंने पिंड दान कर पिता के मोक्ष हेतु मनोकामना की. इंद्रलोक में स्वर्ग की प्राप्ति करवाई. इन सभी स्थानों को आज राम घाट के नाम से जाना जाता है.”

भारत में 4 वट वृक्ष मौजूद हैं. प्रयागराज में अक्षय वट, वृन्दावन में वंशी वट, गया बिहार का बौद्ध वट और उज्जैन में सिद्ध वट. ये सभी माता पार्वती द्वारा लगाए गए वट हैं.


सिध्द वट के नीचे ही कार्तिक स्वामी सेनापति नियुक्त हुए थे और तारकासुर का वध किया. 3 प्रकार की सिद्धि संतति, संपत्ति और सद्गति तीनों की प्राप्ति के लिए यहां दूध चढ़ाने लोग आते हैं. संतति मतलब पितरों के प्रति पिंड दान, तपर्ण करना, संपत्ति मतलब लक्ष्मी प्राप्ति के लिए यहां रक्षा सूत्र बांधना और संतति मतलब पुत्र प्राप्ति के लिए मनोकामना के लिए लोग यहां आते हैं. यहां पर विक्रम और बेताल की कहानी भी प्रचलित है.


जब भगवान श्रीकृष्ण शिक्षा प्राप्त कर लौट रहे थे तब ऋषि वशिष्ठ की पत्नी अरुंधति ने कहा प्रभु मेरे 7 बच्चे हैं, जिनमें से 6 को गयासुर नामक राक्षस खा गया. 7वां उसके पास है उसे ला दीजिए. भगवान कृष्ण ने गयासुर का वध कर मां अरुंधति को बच्चे को लौटाया. गुरु सांदीपनी ने इसी दौरान श्रीकृष्ण से कहा आप यहां मोक्ष स्थान बनवाएं.


श्रीकृष्ण ने गुरू की आज्ञा पर बिहार में बहने वाली फल्गु नदी से आग्रह किया, जो उज्जैन में गया कोटा कुंड में आई. सप्त ऋषियों ने मां अरुंधति के सभी मृत बच्चों को इस स्थान पर मोक्ष दिलवाया और भगवान श्रीकृष्ण ने यहां 16 तिथि अनुसार 16 चरणों को स्थापित किया तब से यहां मोक्ष के लिए तर्पण पूजन का महत्व हुआ.
मृत्यु के बाद कहां होता है पितरों का स्थान?

श्राद्ध पक्ष पितरों को याद करने का उनके प्रति समर्पण का एक पक्ष है.भाद्र पद माह के शुक्ल पूर्णिमा से आश्विन माह की कृष्ण पक्ष तक श्राद्ध पक्ष रहता है. कुछ मतों में आश्विन कृष्ण एकम से आश्विन शुक्ल एकम तक श्राध्द पक्ष होता है. जिसे हम 16 दिन (श्राद्ध) के रूप में जानते हैं.

महालय मतलब पहली बार किसी पूर्वज को श्राद्ध में लेना यानि मृत्यु के 3 से 5 साल की समयावधि के बाद. सनातन धर्म मे हम भौतिक दृष्टि से ही नहीं पारलौकिक दृष्टि से भी देखते हैं. हम जीव की मृत्यु होना नहीं मानते. जीव हमेशा जीवित होता है हम सिर्फ शरीर त्यागते हैं. जीव मृत्यु पश्चात पितृ पक्ष में प्रस्थान कर जाता है.

शहर में 300 से अधिक पंडे-पुजारी हैं जो 12 महीने पूजन तर्पण करवाते हैं. लगभग 200 वर्षों का लेखा-जोखा इनके पास पोथियों में नोट है. जो यजमान तर्पण पूजन के लिए आते हैं और उनको अपने पूर्वजों का नाम याद नहीं तो हमारे पास पोथी में उन सभी का नाम लिखा है.
■■□□■■

You may also like...

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *